परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल: 9 आरटीओ और 26 एआरटीओ के तबादले
लखनऊ में नए आरटीओ प्रशासन बने अरुण कुमार, संजय तिवारी आगरा भेजे गए
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) और 26 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) के तबादले कर दिए हैं। शनिवार को जारी आदेश में कई महत्वपूर्ण जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
तबादला सूची के अनुसार आरटीओ प्रशासन लखनऊ संजय कुमार तिवारी को आरटीओ आगरा बनाया गया है। साथ ही लखनऊ में नए आरटीओ प्रशासन के रूप में अरुण कुमार की तैनाती हो गई है।
अयोध्या में एआरटीओ प्रवर्तन के पद पर तैनात विश्वजीत प्रताप सिंह को पदोन्नति देते हुए आरटीओ प्रशासन अयोध्या बनाया गया है। मुख्यालय में तैनात सहायक परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) दिनेश कुमार को आरटीओ प्रवर्तन अलीगढ़ भेजा गया है।
इसके अलावा गोरखपुर के आरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार गुप्ता को आरटीओ प्रवर्तन मुख्यालय तथा मुख्यालय में तैनात एआरटीओ सुनील राजपूत को आरटीओ प्रवर्तन आजमगढ़ बनाया गया है।
हमीरपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, फर्रुखाबाद और उरई में नए एआरटीओ
प्रदेश के 26 एआरटीओ के भी तबादले किए गए हैं। इनमें अमिताभ राय को हमीरपुर, रोहित राजपूत को कानपुर देहात, संतोष कुमार सिंह को फतेहपुर, सुभाष चंद्र को फर्रुखाबाद, प्रवीण कुमार सिंह को हमीरपुर तथा सौम्या पांडेय को उरई में नई तैनाती दी गई है। वहीं सौम्यता यादव को कानपुर नगर में नियुक्त किया गया है।