10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास युवा कर सकते हैं आवेदन, सरकारी आईटीआई में बनाए गए हेल्प डेस्क
कानपुर नगर। देश के युवाओं को रोजगार और उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आई है। योजना के तहत युवाओं को देश की शीर्ष 500 प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप करने का मौका मिलेगा, जिससे उनके कौशल विकास के साथ-साथ बेहतर करियर की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पांडुनगर कानपुर के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा, जिन्होंने 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा अथवा स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की है, आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित पीएम इंटर्नशिप पोर्टल पर जाकर अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन हेतु वेबसाइट:
https://pminternship.mca.gov.in�
अभ्यर्थियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए जनपद कानपुर के सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों— पांडुनगर, घाटमपुर, कल्याणपुर, विश्व बैंक, लाल बंगला एवं बिल्हौर में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य आवश्यक जानकारी के संबंध में सहायता प्राप्त की जा सकती है।
प्रधानाचार्य ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य को नई दिशा दें और देश की अग्रणी कंपनियों में कार्य अनुभव प्राप्त करने का अवसर न गंवाएं।
(स्रोत: प्रेस विज्ञप्ति)
PolicePrahari.com
युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान: प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से देश की टॉप 500 कंपनियों में नौकरी का सुनहरा मौका

Share this story