कानपुर नगर। पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के अंतर्गत थाना सचेंडी में शनिवार को आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण कार्य हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आम जनता को अधिक सुगम एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्तावित परिसर में आधुनिक प्रशासनिक भवन, कार्यालय कक्ष, पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय सुविधा, पार्किंग व्यवस्था, हरित क्षेत्र सहित कई आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
तैयार किए गए ले-आउट प्लान के अनुसार परिसर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे पुलिस कर्मियों को बेहतर वातावरण में कार्य करने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों का मानना है कि नई सुविधाओं से थाना सचेंडी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनहितकारी बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आधुनिक थाना भवन बनने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-जन संवाद दोनों को नई मजबूती मिलेगी।
जनसेवा को नई ताकत देगा सचेंडी थाना परिसर, भूमि पूजन के साथ आधुनिक भवन निर्माण की शुरुआत


Share this story