पंचायत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में बदलाव, 10 जून को होगा अंतिम प्रकाशन

कानपुर नगर, 21 अप्रैल 2026:
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना के बाद कानपुर नगर में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब संशोधित समय-सारिणी के अनुसार कार्य संपन्न कराया जाएगा।

पहले चरण में मतदाताओं के डुप्लीकेशन हटाने और कम्प्यूटरीकरण की प्रक्रिया 28 मई 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में 29 मई से 9 जून तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता सूची तैयार करने सहित अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे।

तीसरे और अंतिम चरण में 10 जून 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए कार्य समय से पूर्ण करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।