कानपुर। नागरिक सुरक्षा कोर, प्रखंड रतनलाल नगर की पोस्ट-4 द्वारा रविवार को बर्रा-3 स्थित श्री राम वाटिका पार्क में "वृक्षारोपण महाअभियान-2026" के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार तथा आमजन में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
माननीय जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा के आह्वान तथा एसीएम-4 एवं प्रभारी उपनियंत्रक पुष्पेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चीफ वार्डेन राजीव सिंह, विशिष्ट अतिथि स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डेन सतीश अरोड़ा तथा वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक विमलेश यादव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन स्टाफ ऑफिसर रामजी गुप्ता ने किया।
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत जामुन, आम, अमरूद, आंवला, बेल, नीम और पीपल सहित 21 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने वृक्षों के पर्यावरण, समाज और मानव जीवन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही नागरिक सुरक्षा के वार्डनों से जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद नीरज गुप्ता, पूर्व पार्षद विधि राजपाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। सभी अतिथियों ने नागरिक सुरक्षा के वार्डनों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाने पर बल दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत बर्रा-3 स्थित नैन्सी होम्यो हॉल में पोस्ट-4 की जुलाई माह की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।