कानपुर, 03 अगस्त। सावन के प्रथम सोमवार पर भगवान शिव के मंदिरों में उमड़े आस्था के सैलाब के बीच नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डेनों ने सेवा, सुरक्षा और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। बर्रा-5 स्थित महाकालेश्वर मंदिर एवं बर्रा-6 स्थित काली मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दौरान नागरिक सुरक्षा कोर, प्रखंड रतनलाल नगर, पोस्ट-4 के पोस्ट वार्डेन रुपेश श्रीवास्तव व वार्डन पूरे समय मुस्तैदी से डटे रहे और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर स्टाफ ऑफिसर राम जी गुप्ता ने बाबा महाकालेश्वर धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के उपरांत उन्होंने ड्यूटी पर तैनात वार्डेनों को भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वार्डेनों ने श्रद्धालुओं को सहज एवं सुरक्षित दर्शन कराने, कतार व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ को नियंत्रित करने में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनकी तत्परता और सेवा भावना की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।
इस दौरान हर्षित गुप्ता, दिलीप कुमार, सोहिल शाह, तरुश मिश्रा, अनुज गुप्ता, अभिषेक सहित नागरिक सुरक्षा कोर के अन्य वार्डेन भी उपस्थित रहे और सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान दिया।
हर-हर महादेव के जयघोष के बीच नागरिक सुरक्षा के जवान बने श्रद्धालुओं के सेवा प्रहरी


Share this story