कानपुर। नागरिक सुरक्षा कोर प्रखंड रतनलाल नगर द्वारा सोमवार को जूनियर माध्यमिक स्कूल, जी ब्लॉक, गुजैनी में भारत रत्न, मिसाइल मैन एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत "जल संचय–जन सहभागिता शपथ" कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम स्टाफ ऑफिसर राम जी गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी जीवन, उनके संघर्ष, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों पर चलकर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर पोस्ट वार्डेन रूपेश श्रीवास्तव (पोस्ट-4) ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जल की प्रत्येक बूंद बचाने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा जल संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं नागरिक सुरक्षा के सदस्यों ने जल संरक्षण की शपथ लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस दौरान पोस्ट वार्डेन प्रमोद त्रिवेदी (पोस्ट-8), डिप्टी पोस्ट वार्डेन विक्रम अस्थाना (पोस्ट-4), सेक्टर वार्डेन नेत्र पाल, सूरज दीक्षित, हर्षित गुप्ता, सोमिल शाह एवं अनुज गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और नागरिक सुरक्षा के सदस्य उपस्थित रहे।
नागरिक सुरक्षा कोर ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को दी श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों को दिलाई जल संरक्षण की शपथ

Share this story
