कानपुर नगर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर प्रमिला पांडे और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने किया।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जनसुनवाई कैंप में आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को साकार करते हुए सरकार ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं। यह अवधि राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव याद रखी जाएगी।
इससे पूर्व रविवार सुबह 10 बजे सिविल लाइंस स्थित एमजी कॉलेज में भी जनसुनवाई कैंप आयोजित किया गया, जहां महापौर एवं नगर निगम अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की पहल को लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


