बैठक में उठा बारा देवी चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर तक संकरे मार्ग का मुद्दा, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए
कानपुर। नगर निगम मुख्यालय मोतीझील स्थित समिति कक्ष में सोमवार को महापौर की अध्यक्षता में शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों के साथ बैठक हुई। बैठक में पार्षदों ने क्षेत्रीय समस्याओं के साथ-साथ उनके द्वारा भेजे गए पत्रों पर कार्रवाई न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
वार्ड 14 सब्जी मंडी किदवई नगर की पार्षद सरदार नीतू सिंह ने बारा देवी चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले मार्ग की संकरी स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। संकरा मार्ग होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
पार्षदों ने कहा कि उनके द्वारा भेजे गए पत्रों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। महापौर के निर्देश पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहा कि नामित पार्षदों के पत्रों को दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
महापौर ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा अग्रसारित पत्रों के आधार पर भी विकास एवं जनसमस्याओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं नामित पार्षद मौजूद रहे।