जोन-5 के पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक में विकास कार्यों, सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी और कर्मचारियों की कमी समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा, नगर आयुक्त ने हर मंगलवार पार्षदों से मिलने का समय किया तय
कानपुर नगर।
श्रावण मास के शुभारंभ से एक दिन पहले कानपुर नगर निगम में महापौर एवं नगर आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-5 के पार्षदों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण के दौरान बाबा आनंदेश्वर मंदिर (परमट), बाबा वनखंडेश्वर मंदिर (पी रोड), जागेश्वर मंदिर (नवाबगंज), सिद्धनाथ मंदिर (जाजमऊ) सहित सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, नालियों की सफाई कराई जाए, फुटपाथ खाली कराए जाएं तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई भी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जोन-5 के पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। अधिकांश पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों की कमी, खराब स्ट्रीट लाइटें, टूटी नालियां, सीवर लाइन की समस्या, जलभराव, पार्कों के विकास कार्यों में देरी, उद्यान विभाग के लंबित कार्य, नलकूपों का संचालन, इंटरलॉकिंग सड़कों की मरम्मत तथा विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्षदों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सभी विभागों को आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पार्षदों से नियमित संवाद बनाए रखने के लिए प्रत्येक मंगलवार दोपहर 12 से 2 बजे तक मिलने का समय निर्धारित करने की घोषणा की।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार एवं जगदीश यादव, महाप्रबंधक जलकल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह गौर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. निरंजन, जोन-5 के जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी सहित अभियंत्रण, उद्यान, जलकल, मार्ग प्रकाश एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रावण से पहले महापौर सख्त: मंदिरों के आसपास अतिक्रमण हटाने, सफाई और रोशनी दुरुस्त करने के निर्देश


Share this story