लक्ष्मीपुरवा में मकानों को सुरक्षित रखते हुए ट्रंक लाइन बिछाने का निर्णय, बाकरगंज में अतिक्रमण हटाकर नाले की मरम्मत के निर्देश

कानपुर। नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को महापौर ने वार्ड-1 लक्ष्मीपुरवा एवं वार्ड-36 बाकरगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) सैय्यद फरीद अख्तर जैदी तथा संबंधित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
वार्ड-1 लक्ष्मीपुरवा में डॉट नाले के ध्वस्त हिस्से का निरीक्षण करते हुए महापौर ने ट्रंक लाइन बिछाने के कार्य की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि ट्रंक लाइन डालने के लिए कुछ मकानों को हटाने की स्थिति बन रही थी। इस पर महापौर ने निर्देश दिए कि मकानों को क्षति पहुंचाए बिना उनके नीचे से ट्रंक लाइन डाली जाए। तकनीकी परीक्षण के बाद मकानों के नीचे से ट्रंक लाइन बिछाने का निर्णय लिया गया, जिससे मकान सुरक्षित रहेंगे और डॉट नाले की मरम्मत का कार्य भी शीघ्र पूरा किया जा सकेगा।
इसके बाद महापौर ने वार्ड-36 बाकरगंज में धंस रहे नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु रहे और बरसात के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।