कानपुर। नगर निगम मुख्यालय की दूसरी मंजिल पर गुरुवार शाम आग लगने की घटना के बाद शुक्रवार (10 जुलाई 2026) को महापौर ने अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार एवं मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी रीता सचान के साथ मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को बताया कि दूसरी मंजिल स्थित लेखा विभाग के किसी भी महत्वपूर्ण अभिलेख को नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं संपत्ति विभाग, मार्ग प्रकाश विभाग सहित अन्य शाखाओं के अभिलेख भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी रीता सचान ने जानकारी दी कि आग लगने की सूचना मिलते ही लेखा विभाग के सभी आवश्यक अभिलेख तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए गए थे। उन्होंने बताया कि आग केवल लेखा विभाग के उस कार्यालय में रखी एक पुरानी अलमारी तक सीमित रही, जहां पहले जोनल कार्यालय (जोन-4) संचालित होता था।
अधिकारियों के अनुसार, संबंधित अलमारी को खुलवाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसमें रखे कितने पुराने अभिलेख आग से प्रभावित हुए हैं। फिलहाल नगर निगम के महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बताए गए हैं।