मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर

Article Image

जोन-6 में महापौर ने जनसुनवाई शिविर का किया शुभारंभ, मौके पर समस्याओं का हुआ निस्तारण
कानपुर नगर, 16 जून 2026।
केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम की ओर से आयोजित जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न जोनों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनका मौके पर ही निस्तारण भी कराया गया।
जोन-5 में आयोजित जनकल्याण शिविर में महापौर प्रमिला पांडे ने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इससे पूर्व जोन-6 स्थित जवाहरलाल स्कूल के सामने आयोजित जनसुनवाई शिविर का शुभारंभ महापौर प्रमिला पांडे ने किया। शिविर में पहुंचे नागरिकों ने जल निकासी, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नगर निगम से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। महापौर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय एवं नगर निगम के अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और बेहतर नागरिक सेवाएं नगर निगम की प्राथमिकता हैं।
जोन-5 में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, पार्षद नीरज रक्सेल, विद्या वर्मा, रमेश हटी, राजेश श्रीवास्तव, नित्या वाजपेयी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।