कानपुर। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम ने नाला-नाली सफाई अभियान को तेज कर दिया है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर एवं नगर आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरभर में चल रहे नाला-नाली सफाई कार्यों की जोनवार समीक्षा की गई।
बैठक में अभियंत्रण विभाग ने बताया कि शहर के 220 बड़े नालों में से 67 नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि 153 नालों पर कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जिन नालों की सफाई शेष है, उनके टेंडर पहले ही हो चुके हैं और एक सप्ताह के भीतर सभी बड़े नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि एक मीटर से कम चौड़े कुल 1485 नालों में से 961 की सफाई पूरी हो चुकी है, 97 पर कार्य जारी है तथा 427 नालों की सफाई शेष है। विभागीय अधिकारियों ने अगले 15 दिनों में सभी नालियों की सफाई पूर्ण करने का भरोसा दिया।
महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी नाला या नाली की सफाई की जाए, वहां से निकाली गई सिल्ट को चार से पांच दिनों के भीतर अवश्य उठाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों और घरों के बाहर पड़ी सिल्ट से आम जनता, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है तथा बारिश होने पर वही सिल्ट दोबारा नालों में चली जाती है, जिससे सफाई अभियान का उद्देश्य प्रभावित होता है।
बैठक में नगर निगम की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों का भी मुद्दा उठा। महापौर ने ऐसे कब्जों को हटाकर उन स्थानों पर हाट-बाजार विकसित करने तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को रोजगार के लिए स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे नगर निगम की आय बढ़ने के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।
इसके अलावा आगामी मोहर्रम जुलूस एवं जगन्नाथ रथ यात्रा को देखते हुए संबंधित मार्गों की मरम्मत, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी सहित अभियंत्रण, स्वास्थ्य एवं जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बरसात से पहले एक्शन मोड में नगर निगम: महापौर ने नाला नाली सफाई में तेजी लाने के लिए निर्देश


Share this story