कानपुर। नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में गुरुवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-6 के विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्रीय पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं, जिन पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में सबसे अधिक सफाई व्यवस्था, सीवर जाम, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, कूड़ा निस्तारण, सड़क मरम्मत और मेट्रो निर्माण से प्रभावित सीवर लाइनों के मुद्दे छाए रहे। महापौर ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पार्षद महेंद्र पाण्डेय 'पप्पू' ने प्रत्येक वार्ड में पांच हाथ कूड़ा गाड़ियों और दस रिक्शों की व्यवस्था करने की मांग उठाई। उन्होंने नवाबगंज थाना क्षेत्र में मेट्रो निर्माण से क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के कारण सड़क पर गंदा पानी भरने की समस्या भी रखी। इस पर महापौर ने अधिकारियों से दुर्व्यवहार करने वाले सफाई कर्मचारी धर्मेंद्र को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने बताया कि 10 से 15 दिनों के भीतर हाथ कूड़ा गाड़ियां और रिक्शे उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
पार्षद धीरेन्द्र त्रिपाठी ने खराब जेटिंग मशीनों, मार्ग प्रकाश व्यवस्था और खुले में पड़े कूड़े की समस्या उठाई। उन्होंने नई जेटिंग मशीनें खरीदने और स्ट्रीट लाइट शिकायतों के लिए पुरानी व्यवस्था की तरह प्रभावी शिकायत प्रणाली लागू करने की मांग की। जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गीता नगर वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पार्षद पवन पाण्डेय ने देवकी टॉकीज से हरी गर्ल्स हॉस्टल तक जर्जर सड़क और लंबित वर्क ऑर्डर का मुद्दा उठाया। मुख्य अभियंता सिविल ने बताया कि संबंधित अवर अभियंता के बीमार होने से देरी हुई है। इस पर महापौर ने दूसरे अवर अभियंता को तत्काल जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 की अधिसूचना से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।
बैठक में कई पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों की कमी, बंद स्ट्रीट लाइटें, जलापूर्ति, सीवर जाम, कूड़ा अड्डों की समस्या तथा मेट्रो निर्माण से हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। श्रावण मास को देखते हुए जागेश्वर मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की भी मांग की गई।
महापौर ने नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने, मेट्रो अधिकारियों के साथ अलग बैठक बुलाकर प्रभावित वार्डों की समस्याओं का समाधान कराने, सुपर शॉकर मशीन से सीवर सफाई कराने तथा मार्ग प्रकाश, सफाई और कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव, जोनल अधिकारी महेंद्र कुमार, जलकल, स्वास्थ्य, अभियंत्रण, मार्ग प्रकाश तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
जोन-6 की विकास समीक्षा बैठक में महापौर सख्त, मेट्रो से बिगड़ी सीवर व्यवस्था, सफाई और स्ट्रीट लाइट समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Share this story