जनगणना के आंकड़े बनेंगे विकास और कल्याणकारी योजनाओं का आधार
कानपुर नगर, 08 मई 2026।
आज दिनांक 08.05.2026 को मा० महापौर जी ने नगर निगम मुख्यालय, मोतीझील स्थित अपने कार्यालय में जनगणना 2027 के अंतर्गत ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से भी ऑनलाइन स्वगणना करने तथा घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने वाले जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
बताया गया कि जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित की जा रही है। इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल पर कुल 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर दर्ज करने होंगे।
मा० महापौर जी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करे।
इस अवसर पर जनगणना विभाग के प्रभारी जनगणना अधिकारी हिमांशु शुक्ला, सहायक निदेशक दिनेश यादव, अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, फील्ड ट्रेनर अमित मिश्रा एवं फील्ड ट्रेनर शशांक दुबे ने उपस्थित अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया एवं ऑनलाइन स्वगणना की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

