कानपुर नगर | 06 मई 2026

दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों और आम जनता के विरोध को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को मा० महापौर ने सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत बन रही सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। पूर्वान्ह लगभग 10:30 बजे वह अभियंत्रण विभाग की टीम के साथ ग्रीन पार्क चौराहे पर पहुंचीं और मौके पर ही फुटपाथ की नाप-जोख कराई।

निरीक्षण के दौरान दोनों ओर फुटपाथ की चौड़ाई लगभग साढ़े आठ मीटर पाई गई, जिस पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क की चौड़ाई कम और फुटपाथ अत्यधिक चौड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इस मार्ग पर स्कूल स्थित हैं, ऐसे में यदि एक साथ दो स्कूल बसें निकलती हैं तो जाम लगना तय है।

महापौर ने सवाल उठाया कि जब इस तरह की सीएम ग्रिड सड़क से लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़े, तो ऐसी योजना का क्या औचित्य है। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि आधे से अधिक फुटपाथ पर पहले से ही अतिक्रमण हो चुका है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों से पूछा कि भविष्य में फुटपाथों को अतिक्रमण से बचाने के लिए क्या ठोस योजना बनाई गई है।

मौके से ही महापौर ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से मोबाइल पर वार्ता कर सीएम ग्रिड की पूरी कार्ययोजना तलब की और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित को ध्यान में रखते हुए योजना में आवश्यक संशोधन किए जाएं।

महापौर के इस औचक निरीक्षण से संबंधित विभागों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया और जल्द समाधान की उम्मीद जताई।