कानपुर, 13 मई 2026।
देशहित और ऊर्जा संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों एवं सरकारी संस्थाओं से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बचत करने के आह्वान के क्रम में कानपुर नगर की मा० महापौर ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए अपना स्कॉर्ट वाहन छोड़ने का निर्णय लिया।
महापौर ने कहा कि वर्तमान समय में देशहित सर्वोपरि है और ऊर्जा संसाधनों की बचत प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि नगर निगम में संचालित सरकारी एवं आउटसोर्स वाहनों का आवश्यकतानुसार परीक्षण कर ही उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे अनावश्यक ईंधन खपत पर रोक लगाई जा सके।
इसके साथ ही नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई है कि जहां मेट्रो, बस, टेम्पो अथवा सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां वे अपने तैनाती स्थल तक आने-जाने के लिए सार्वजनिक वाहनों का अधिकाधिक उपयोग करें।
महापौर ने कानपुरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां और आदतों में बदलाव कर हम देश के करोड़ों रुपये की ऊर्जा बचत में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि “जब देश का हर नागरिक ईंधन बचाने का संकल्प लेगा, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना और मजबूत होगा।”
यह पहल न केवल ईंधन संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि आमजन के बीच पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश भी दे रही है।
“ईंधन बचाओ, राष्ट्र मजबूत बनाओ”: महापौर ने छोड़ा स्कॉर्ट वाहन, नागरिकों से भी की पेट्रोल-डीजल बचत की अपील


Share this story