कानपुर नगर।
वार्ड 65 के अंतर्गत दामोदर नगर क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन के कार्य में ठेकेदार और उसके कर्मचारियों की लापरवाही के चलते क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कार्य के दौरान अवैध रूप से खुदाई की गई और निकली हुई मिट्टी को नालियों में डाल दिया गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। नालियां जाम होने के कारण क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश या पानी के बहाव में ही सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों में इस समस्या को लेकर खासा रोष देखने को मिल रहा है और उन्होंने जल्द से जल्द समाधान की मांग की है।

क्षेत्रीय पार्षद योगेन्द्र शर्मा ने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल ठेकेदार और प्रोजेक्ट हेड शैलेंद्र को मौके पर बुलाकर कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। पार्षद ने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य को व्यवस्थित और मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नालियों में डाली गई मिट्टी को तुरंत साफ कराया जाए और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही जारी रही तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही समस्या का समाधान होगा और उन्हें जलभराव से राहत मिलेगी।