कानपुर। सेवा और मानवता की भावना को साकार करते हुए गरीब जन कल्याण फाउंडेशन की टीम नौबस्ता चौराहा स्थित मलिन बस्ती पहुंची, जहां जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के बीच वस्त्र एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान गर्मी के कपड़ों के साथ बच्चों को बिस्कुट और नमकीन के पैकेट भी वितरित किए गए। फाउंडेशन के इस प्रयास से बस्तीवासियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. राजनाथ पाण्डेय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी व्यक्ति भूखा या बिना वस्त्र के न रहे। उन्होंने कहा कि नौबस्ता की बस्ती के हालात देखकर मन व्यथित हुआ है और फाउंडेशन भविष्य में भी यहां नियमित रूप से सेवा कार्य जारी रखेगा।
संस्था की सदस्या पद्मिनी तिवारी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से मिलकर यह महसूस हुआ कि छोटी-सी मदद भी किसी जरूरतमंद के लिए बहुत बड़ा सहारा बन सकती है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन बस्ती में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कार्य करने की योजना बना रहा है।
वहीं प्रियंका पाण्डेय ने समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर सेवा कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गरीब और जरूरतमंद लोगों का जीवन बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर कृष्णकांत गुप्ता, पद्मिनी तिवारी, प्रियंका पाण्डेय सहित फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
गरीबों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने नौबस्ता की बस्ती पहुंचा गरीब जन कल्याण फाउंडेशन

Share this story