600 कैडेट्स ने देशभक्ति कार्यक्रमों में लिया भाग, शहीदों के बलिदान को किया याद
कानपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 3 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कानपुर द्वारा आयोजित कम्बाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (सीएटीसी-191) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 600 एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण भाव के साथ कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नौ दिवसीय शिविर के कमांडेंट कर्नल ललिताभ राम कृष्णा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में कैडेट्स ने राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 100 चयनित एनसीसी कैडेट्स ने स्टेशन मुख्यालय कानपुर, इंडियन एक्स-सर्विसेज लीग एवं सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित "कारगिल विजय दिवस समारोह-2026" में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कारगिल युद्ध के अमर वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से संवाद कर उनके साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायक गाथाओं को निकट से जाना।
वहीं शिविर में मौजूद अन्य 500 कैडेट्स ने कैंप परिसर में शहीदों को श्रद्धांजलि और दो मिनट का मौन रखकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता, देशभक्ति भाषण, प्रेरक उद्बोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति नृत्य, नुक्कड़ नाटक, लघु नाटिकाएं तथा समूह चर्चाओं के माध्यम से कारगिल के वीर सैनिकों, परमवीर चक्र विजेताओं और भारतीय सशस्त्र सेनाओं की गौरवशाली परंपराओं को याद किया।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल ललिताभ राम कृष्णा ने कहा कि "कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और अटूट राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।" उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन, नेतृत्व, निःस्वार्थ सेवा और देशप्रेम को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि "एनसीसी का प्रत्येक कैडेट भारत के उज्ज्वल भविष्य का जिम्मेदार नागरिक और संभावित नेतृत्वकर्ता है।"
कार्यक्रम के समापन पर "भारत माता की जय" और "जय हिन्द" के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। आयोजन ने कैडेट्स में देशभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व और सेवा-भाव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हुए एनसीसी के आदर्श वाक्य "एकता और अनुशासन" को सार्थक रूप से प्रतिबिंबित किया।
इस अवसर पर एनसीसी एलुमनी एसोसिएशन के प्रमुख पूर्व अंडर ऑफिसर डॉ. परवेज अख्तर तथा पूर्व कैडेट सार्जेंट लखन कुमार शुक्ला ने भी शहीदों को पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।