15 जून से 15 जुलाई तक चलेगा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना विशेष पंजीकरण अभियान
पात्र गर्भवती महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू
कानपुर नगर।
जनपद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक विशेष पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था की प्रारंभिक अवस्था में महिलाओं का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित कर उन्हें योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता एवं पोषण संबंधी लाभ उपलब्ध कराना है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से जनपद की अधिकतम पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से आच्छादित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा ने बताया कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र गर्भवती महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए जनपद के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों का अधिकतम पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान अवधि के लिए जनपद को भारत सरकार द्वारा 1403 पंजीकरणों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रतिदिन औसतन 47 पंजीकरण किए जाने हैं। प्रत्येक परियोजना को प्रतिदिन औसतन चार पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्रथम जीवित संतान के लिए पात्र महिलाओं को चरणबद्ध रूप से वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में 3,000 रुपये गर्भावस्था के पंजीकरण एवं निर्धारित अवधि के भीतर प्रसव पूर्व जांच कराने पर प्रदान किए जाते हैं। द्वितीय किस्त के रूप में 2,000 रुपये बच्चे के जन्म पंजीकरण तथा निर्धारित आयु तक आवश्यक टीकाकरण पूर्ण होने पर दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त दूसरी जीवित संतान बालिका होने पर 6,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई पात्र गर्भवती महिला निवास करती है तो उसे निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि वह सरकार की इस महत्वपूर्ण मातृ एवं शिशु कल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त कर सके। यह अभियान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।