'एक जनपद एक व्यंजन' योजना के तहत नई इकाइयों की स्थापना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, बैंक ऋण के साथ वित्तीय सहायता का लाभ
कानपुर नगर।
उत्तर प्रदेश सरकार की 'एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) वित्तपोषण सहायता योजना' के तहत कानपुर नगर में समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत इन पारंपरिक व्यंजनों के निर्माण, सेवा अथवा व्यवसाय से जुड़ी नई इकाइयों की स्थापना के लिए बैंक ऋण के साथ मार्जिन मनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, कानपुर नगर अंजनीश प्रताप सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को एमएसएमई विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है तथा किसी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है।
योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये (जो भी कम हो) मार्जिन मनी मिलेगी। 25 लाख से 50 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 6.25 लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का 20 प्रतिशत (जो भी अधिक हो) सहायता दी जाएगी।
इसी प्रकार 50 लाख से 1.50 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 10 लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का 10 प्रतिशत (जो भी अधिक हो) मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं 1.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं के लिए परियोजना लागत का 10 प्रतिशत, अधिकतम 50 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी सहायता प्रदान की जाएगी।
सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांगजन श्रेणी के लाभार्थियों के लिए स्वयं का अंशदान केवल 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, चार खम्भा कुआँ, फजलगंज, कानपुर नगर स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।