माटीकला कारीगरों के लिए सुनहरा मौका: 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण हेतु आवेदन शुरू

Surya pandey
कानपुर नगर।
माटीकला से जुड़े कारीगरों और युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर नगर ने जानकारी दी है कि उ० प्र० माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित ‘माटीकला कौशल विकास योजना’ के तहत 15 दिवसीय आवासीय शिल्पकारी प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चयन पूरी तरह से ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के आधार पर किया जाएगा। योजना के तहत विशेष रूप से उन आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी आजीविका का मुख्य स्रोत माटीकला व्यवसाय है। साथ ही, आवेदक या उनके परिवार का मुखिया माटीकला कारीगरों की सूची में पंजीकृत होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया में शिक्षित महिलाओं और युवाओं को भी विशेष प्राथमिकता प्रदान की जाएगी, जिससे इस पारंपरिक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षुवृत्ति (स्टाइपेंड) भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक रूप से भी सहयोग प्राप्त कर सकें।
इस योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक एवं पात्र शिल्पकार/कारीगर निर्धारित वेबसाइट www.upmatikalaboard.in पर 15 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, चतुर्थ तल, कबीर भवन, सर्वोदय नगर, कानपुर नगर में संपर्क कर सकते हैं।
Share this story