कानपुर नगर, 13 मई 2026।
उ०प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की 101 पुत्रियों के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन 14 मई 2026 (बृहस्पतिवार) को राजकीय आई०टी०आई० परिसर, पाण्डुनगर, कानपुर में किया जाएगा। यह जानकारी सहायक श्रम आयुक्त, कानपुर क्षेत्र, कानपुर राम लखन पटेल ने दी।
उन्होंने बताया कि इस भव्य समारोह का आयोजन कार्यालय अपर श्रमायुक्त, कानपुर क्षेत्र, सर्वोदय नगर, कानपुर (श्रम विभाग) द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में मा० कैबिनेट मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग, उ०प्र० सरकार का आगमन प्रातः 11 बजे प्रस्तावित है। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में शामिल होंगे।
यह सामूहिक विवाह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि उन मेहनतकश परिवारों के सपनों को साकार करने का प्रयास है, जो दिन-रात मेहनत कर अपने बच्चों का भविष्य संवारते हैं। सरकार की इस योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि बेटियों के विवाह में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समारोह में एक साथ 101 बेटियों के विवाह के साथ खुशियों, आशीर्वाद और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

