बैंक के बाहर बुलाकर मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत; सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ। गोमती नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बैंककर्मी महिला को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में बताई जा रही है, जो आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थीं।
जानकारी के मुताबिक, महिला को किसी व्यक्ति ने फोन कर बैंक के बाहर बुलाया था। जैसे ही वह बैंक से बाहर आई, उसे गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी में पति द्वारा पत्नी को गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी मामले की सभी परिस्थितियों की जांच शुरू की है। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारण और आरोपी की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।
