रोजगार संगम पोर्टल पर शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया, 50 हजार से 1 लाख तक मिलेगा वेतन

कानपुर।
प्रदेश के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार मिशन के तहत कुशल युवाओं को सऊदी अरब में रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती प्रक्रिया के तहत फैब्रिकेशन सुपरवाइजर, स्ट्रक्चरल फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, सीम्स वेल्डर, पाइप फैब्रिकेटर, मैकेनिकल फिटर, फैब्रिकेशन फोरमैन और मैकेनिकल हेल्पर सहित विभिन्न तकनीकी पदों पर चयन किया जाएगा।

इन पदों के लिए 24 से 48 वर्ष तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 50 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। संबंधित ट्रेड में तीन से पांच वर्ष का अनुभव अनिवार्य रखा गया है।

सेवायोजन अधिकारी उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।