जोन-4 के पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
कानपुर। श्रावण मास शुरू होने से पहले शहर के प्रमुख मंदिरों के आसपास सफाई, अतिक्रमण हटाने और नागरिक सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-4 के पार्षदों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में महापौर ने कहा कि श्रावण मास शुरू होने में केवल पांच दिन शेष हैं। ऐसे में बाबा आनंदेश्वर मंदिर (परमट), बाबा वनखंडेश्वर मंदिर (पी. रोड) सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाए जाएं, फुटपाथ खाली कराए जाएं तथा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदिरों के आसपास मार्ग प्रकाश, सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त की जाएं।
महापौर ने बकरमंडी ढाल क्षेत्र में खुले में मुर्गा और बकरा काटकर उसका कचरा नाले में फेंकने की शिकायत पर जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान गांधी नगर के पार्षद विवेक शर्मा ने वार्ड में क्षतिग्रस्त गली पिट, नालियां, जालियां, चोक सीवर लाइन और खराब टॉवर लाइटों की समस्या उठाई। इस पर महापौर ने अधिशासी अभियंता जोन-4 मीनाक्षी अग्रवाल को तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
सीसामऊ उत्तरी के पार्षद गोविंद मोहन शुक्ला ने कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की कमी, खराब हाथ कूड़ा गाड़ी एवं रिक्शा ट्रॉली, मार्ग प्रकाश सामग्री की कमी तथा छोटे विकास कार्य लंबित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र संवेदनशील होने के कारण इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
तिलक नगर के पार्षद अरुण कुमार गर्ग ने स्वरूप नगर में सफाई व्यवस्था खराब होने तथा आंधी में गिरे पेड़ों के अवशेष हटवाने की मांग की।
परमट के पार्षद जितेंद्र वाजपेयी ने मछली वाले हाते में सीवर भराव और क्षेत्र में नाले का पानी निकासी न होने की समस्या बताई, जबकि चुन्नीगंज के पार्षद इशरत अली ने जेटिंग मशीन के अभाव में सीवर सफाई प्रभावित होने की जानकारी दी।
महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नई जेटिंग मशीन की खरीद प्रक्रिया जारी है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों को सीवर सफाई कार्य में तेजी लाने और पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव, जोनल अधिकारी राजेश सिंह, अधिशासी अभियंता जलकल नंद किशोर, जेडएसओ मोहम्मद फहीम, अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश राजेश कुमार, प्रभारी मार्ग प्रकाश रमेश पाल, अधिशासी अभियंता उद्यान दिवाकर भास्कर सहित जोन-4 के पार्षद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।