कानपुर नगर को सबसे अधिक सात परियोजनाएं, मंदिर, संग्रहालय और ईको-टूरिज्म पर विशेष फोकस
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बोले— गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ नवंबर तक पूरे हों निर्माण कार्य
कानपुर, 27 जुलाई।
उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर मंडल को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को कानपुर मंडल की पर्यटन, संस्कृति एवं ईको-टूरिज्म परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए लगभग ₹31.80 करोड़ की लागत वाली 25 पर्यटन विकास परियोजनाओं के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित परियोजनाओं में कानपुर नगर को सबसे अधिक सात परियोजनाएं मिली हैं। इसके अलावा इटावा और कानपुर देहात में पांच-पांच, कन्नौज और फर्रुखाबाद में तीन-तीन तथा औरैया में दो परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़कर पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये तक की सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरी की जाएं तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को गति दी जाए।
कानपुर नगर में बिठूर स्थित ज्वाला देवी मंदिर, बिल्हौर के शंखुला देवी मंदिर, कल्याणपुर के भूतेश्वर महादेव मंदिर, घाटमपुर के मां फूलमती मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास के प्रस्ताव रखे गए। वहीं कानपुर देहात, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद और औरैया के प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के विकास की योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
संस्कृति विभाग की ओर से रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण, फर्रुखाबाद में संग्रहालय तथा कन्नौज में बाल संग्रहालय की स्थापना के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ शैक्षिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में फर्रुखाबाद के दफरपुर वेटलैंड के निकट लगभग ₹4 करोड़ की लागत से प्रस्तावित ईको-टूरिज्म परियोजना की भी समीक्षा की गई। इस परियोजना में नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर, वॉच टावर, योगा पवेलियन, गज़ेबो सहित आधुनिक पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
समीक्षा बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समयसीमा में सभी परियोजनाएं पूरी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, एमएलसी सलिल विश्नोई, प्रांशुदत्त द्विवेदी, विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, सुरेंद्र मैथानी, मोहित सोनकर, पूनम संखवार, महानिदेशक पर्यटन डॉ. वेदपति मिश्रा, मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, संयुक्त निदेशक पर्यटन प्रीति श्रीवास्तव, जिला पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कानपुर मंडल में ₹31.80 करोड़ की 25 पर्यटन परियोजनाओं का रोडमैप तैयार, धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का होगा कायाकल्प

Share this story
