“प्रधान काजल किरण की पहल” — सेन पश्चिम पारा में निःशुल्क वाईफाई डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ

कानपुर नगर।
ग्राम सेन पश्चिम पारा में शिक्षा और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ग्राम प्रधान काजल किरण ने पंचायत भवन परिसर में निःशुल्क वाईफाई युक्त डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डीसी राजेश शुक्ला, अविनाश कटियार और मनीष कुमार ने फीता काटकर इस सुविधा का उद्घाटन किया।
इस डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आधुनिक संसाधनों से जोड़ना और उनकी पढ़ाई को नई दिशा देना है। अब गांव के विद्यार्थी बिना किसी शुल्क के इंटरनेट और डिजिटल सामग्री का उपयोग कर प्रतियोगी परीक्षाओं सहित अन्य शैक्षणिक तैयारियों को बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
ग्राम प्रधान काजल किरण ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा से गांव के समग्र विकास पर रही है और यह लाइब्रेरी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि ग्रामवासियों और जिला प्रशासन के सहयोग से पंचायत में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
डीसी राजेश शुक्ला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पहले भी प्रधान द्वारा पुलिस चौकी की पुनर्स्थापना कराकर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी गई थी। अब इस अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी के शुरू होने से आसपास के गांवों के छात्रों को भी लाभ मिलेगा।
स्थानीय छात्र सुनील ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में गांव में काफी बदलाव आया है। बेहतर सड़कों और सुविधाओं के कारण अब गांव शहर से जुड़ चुका है और यह लाइब्रेरी छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगी।
प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट कमरुद्दीन ने कहा कि आगे भी ग्राम पंचायत में ऐसे ही जनहितकारी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस मौके पर डीपीएस हिमांशु सक्सेना, एडीओ पंचायत मुकेश यादव, सचिव पंकज सचान, लेखपाल विपिन साहू, पंचायत सदस्य लक्ष्मी विश्वकर्मा, रोजगार सेवक शैलेन्द्र तिवारी, राम सिंह, ऋषभ गुप्ता, मानस बाजपेई, इकबाल हाशमी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Share this story