कानपुर। शहर में बढ़ते डेंगू के खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी राहत दी है। अब डेंगू की पुष्टि के लिए मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि कांशीराम अस्पताल में भी एलाइजा टेस्ट की सुविधा शुरू कर दी गई है। शनिवार से शुरू हुई इस व्यवस्था के पहले ही दिन आठ लोगों के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
अब तक यह जांच केवल जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और उर्सला अस्पताल में ही उपलब्ध थी, जिससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता था। लेकिन कांशीराम अस्पताल में सुविधा शुरू होने से न सिर्फ जांच प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि मरीजों को समय रहते इलाज भी मिल सकेगा।
सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि बारिश और मौसम में बदलाव को देखते हुए डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। अस्पतालों में जांच और उपचार की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, शरीर दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर जांच और सतर्कता ही डेंगू से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।

