*चार करोड़ 31 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट वितरित, अगले चरण में 8.62 करोड़ की भूमि खरीद की तैयारी*
कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की महत्वाकांक्षी न्यू कानपुर सिटी परियोजना को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को 19 काश्तकारों से लगभग 1.7 हेक्टेयर भूमि का क्रय किया गया। इस दौरान किसानों को सर्किल दर के चार गुना मूल्य के रूप में कुल 4 करोड़ 31 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट वितरित किए गए।
केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में भूमि बैंक अनुभाग तथा न्यू कानपुर सिटी परियोजना के नोडल अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह की देखरेख में यह कार्रवाई संपन्न हुई। भूमि खरीद प्रक्रिया के तहत कैलाश कुमार, अशोक कुमार, नीरज शुक्ला, संदीप शुक्ला, राम किशोरी, विजय कुमार शुक्ला, राम सुमिरन, विनोद कुमार, सुरेश कुमार सहित कुल 19 काश्तकारों से भूमि प्राधिकरण के पक्ष में खरीदी गई।
डिमांड ड्राफ्ट प्राप्त करने के बाद किसानों ने भूमि क्रय प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
भूमि क्रय की इस प्रक्रिया के दौरान प्राधिकरण के अधिवक्ता धीरज सैनी, अखिल, लिपिक चन्द्र पाल सिंह, अमीन प्रदीप कुमार तथा तहसीलदार रामनाथ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अगले चरण में 21 किसानों से होगी 2.1 हेक्टेयर भूमि की खरीद
विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि आपसी सहमति के आधार पर परियोजना के अगले चरण में 21 काश्तकारों से लगभग 2.1 हेक्टेयर भूमि खरीदी जाएगी। इस भूमि का मूल्य करीब 8 करोड़ 62 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। एआईजी (स्टाम्प) एवं उपजिलाधिकारी सदर द्वारा सत्यापन के बाद सक्षम प्राधिकारी से भूमि क्रय की अनुमति मिल चुकी है। संबंधित डिमांड ड्राफ्ट एवं चेक तैयार कर लिए गए हैं तथा बैनामों के लिए ऑनलाइन टोकन की प्रक्रिया जारी है।
55 हेक्टेयर से अधिक भूमि अर्जन की कार्यवाही भी जारी
न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए आपसी सहमति से भूमि खरीद के साथ-साथ लगभग 55.0709 हेक्टेयर भूमि अर्जन की समानांतर कार्यवाही भी तेजी से चल रही है। एग्रीमा एजेंसी की रिपोर्ट एवं स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) द्वारा शासन को भेजी जा चुकी है।