कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा शहर में अग्नि सुरक्षा एवं भवन मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को सभी प्रवर्तन जोनों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत होटलों एवं विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों वाले निर्माणों का निरीक्षण कर उनके अभिलेखों की जांच की गई तथा संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण में कुल 54 होटल एवं व्यावसायिक निर्माणों को चिन्हित किया गया है। इन प्रतिष्ठानों से आवश्यक अभिलेख एवं स्वीकृत मानचित्र संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं। जिन निर्माणों में मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह एवं अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-4 में 6 निर्माणों को सील किया गया। वहीं प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन जोन-1 अतुल राय द्वारा 5 निर्माणों को सील कराया गया।
केडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना स्वीकृति, मानकविहीन अथवा सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। चिन्हित भवनों की जांच के बाद आवश्यकतानुसार सीलिंग, ध्वस्तीकरण एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अग्नि सुरक्षा मानकों पर Kda का बड़ा अभियान: 54 होटल और व्यवसायिक प्रतिष्ठान चिन्हित, 11 निर्माण सील


Share this story