कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने महाराजपुर एवं जाजमऊ क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। केडीए अध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अमय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने लगभग 22 बीघा क्षेत्रफल में विकसित अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान सड़कों, नालियों तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही निर्माणाधीन भवनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।
केडीए द्वारा जिन प्रमुख अवैध प्लॉटिंग स्थलों पर कार्रवाई की गई, उनमें दिलीप गुप्ता व अन्य द्वारा लगभग 5 बीघा, अभिषेक गुप्ता, तौहीद व अन्य द्वारा लगभग 2 बीघा तथा अखिलेश भदौरिया व अन्य द्वारा लगभग 15 बीघा भूमि पर विकसित अवैध प्लॉटिंग शामिल है।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों की सहायता से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।
31 बीघा से अधिक भूमि पर भी कार्रवाई की तैयारी
केडीए ने अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस भी जारी किए हैं। जिन मामलों में नोटिस दिए गए हैं, उनमें—
अभिषेक गुप्ता – लगभग 5 बीघा
भारत मिश्रा व अन्य – लगभग 9000 वर्गमीटर
प्रोपराइटर सत भावना डेवलपर्स, संतोष त्रिपाठी व अन्य – लगभग 12 बीघा
शिव चरण गुप्ता व अन्य – लगभग 7 बीघा
निर्णय ग्रीन्स, चन्द्रपाल श्रीवास्तव, अनुराग सिंह व अन्य – लगभग 7 बीघा
शामिल हैं।
केडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-1बी की टीम द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई।