कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जोन-1A क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे चार निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर प्रवर्तन टीम द्वारा की गई।
प्राधिकरण के अनुसार, उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान चंद्रनगर लाल बंगला स्थित लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के प्लॉट संख्या 46 आईडियल कंपाउंड पर हो रहे निर्माण को सील किया गया। इसके अलावा डलेलपुरवा क्षेत्र में लगभग 125 वर्गमीटर क्षेत्रफल में चल रहे निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में चमंगंज के नाला रोड स्थित प्लॉट संख्या 99/233 (पार्ट) पर लगभग 200 वर्गमीटर तथा प्लॉट संख्या 99/171 (पार्ट) पर लगभग 100 वर्गगज क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माणों को भी सील कर दिया गया।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे निर्माणों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रवर्तन अभियान के दौरान अवर अभियंता अर्पण सिंह, संतोष कुमार गौड़, सुपरवाइजर प्रभाकर शर्मा सहित अन्य कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।
प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन जोन-1A अतुल कुमार राय ने आमजन से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक और मानसिक परेशानियों से बचा जा सके।