कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 24 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान करीब 102 करोड़ 46 लाख रुपये मूल्य की भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग, निर्माणाधीन भवन, बाउंड्रीवाल, सड़क, नाला, सीवर लाइन, बिजली के खंभे और गेटेड सोसाइटी के ढांचे ध्वस्त कर दिए गए।
केडीए के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-4, भूमि बैंक और अभियंत्रण खंड की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। लगभग 7 घंटे तक चले अभियान में चार जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुलगांव, बैरी अकबरपुर कछार, किदवई नगर, अहिरवां, सजारी तथा अलकनंदा योजना क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों और प्लाटिंग को हटाया गया। इनमें प्राधिकरण की भूमि पर किए गए निर्माण, बाउंड्रीवाल और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कालोनियां शामिल थीं।
केडीए के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई भूमि में अहिरवां की 12 बीघा, सजारी की 5 बीघा तथा अलकनंदा योजना क्षेत्र की 6 बीघा अवैध प्लाटिंग प्रमुख रूप से शामिल है। कुल 49,630 वर्गमीटर भूमि का मूल्यांकन लगभग 102.46 करोड़ रुपये किया गया है।
अभियान के दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। केडीए अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि केडीए, ग्राम समाज अथवा सीलिंग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, खरीद-फरोख्त या निर्माण कार्य न करें। ऐसे मामलों में भूमाफिया और अवैध कब्जेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।