कानपुर। Kda ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को लगभग 8.5 बीघे क्षेत्रफल में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष श्री अंकुर कौषिक एवं सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी द्वारा विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
अभियान के तहत बैरी अकबरपुर बांगर क्षेत्र में श्री हरि मोहन गुप्ता व अन्य द्वारा लगभग 3 बीघे क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे गेस्ट हाउस एवं होटल निर्माण को ध्वस्त किया गया। वहीं कटरी क्षेत्र में श्री रामबाबू, श्री मोनू यादव व अन्य द्वारा करीब 5.5 बीघे में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया।
केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण अथवा प्लाटिंग करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह सहित संबंधित थानों का भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
15 मई को फिर होगी बड़ी कार्रवाई
विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि लगभग 9.5 बीघे में विकसित की जा रही अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित कर लिया गया है। इन पर ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई के लिए 15 मई 2026, शुक्रवार की तिथि निर्धारित की गई है। पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भूमि खरीदने से पहले जांच जरूरी
केडीए ने आमजन से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्लॉट या भूमि की खरीद से पहले उसका ले-आउट स्वीकृत है या नहीं, इसकी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही भवन निर्माण से पूर्व मानचित्र स्वीकृत कराकर उसी के अनुरूप निर्माण कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक और मानसिक नुकसान से बचा जा सके।
प्राधिकरण ने यह भी चेतावनी दी है कि व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन से पहले आवश्यक अनुज्ञा और मानचित्र स्वीकृति लेना अनिवार्य है। अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

