कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने लगभग 10.5 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। वहीं 7.5 बीघा क्षेत्रफल में विकसित दो अन्य अवैध प्लाटिंग को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए हैं।
यह कार्रवाई केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौषिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौजा अहिरवां, कानपुर नगर में हरिहर तिवारी व अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के लगभग 10.5 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। केडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर 02 जेसीबी मशीनों की मदद से विकसित सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन तथा कई निर्माणाधीन एवं निर्मित भवनों को ध्वस्त कर दिया।
इसके अतिरिक्त प्रवर्तन टीम ने ग्राम छतमरा में विकसित दो अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित किया। इनमें राम, श्याम व अन्य द्वारा लगभग 4 बीघा तथा शांति देवी, संजय पाण्डेय व अन्य द्वारा लगभग 3.5 बीघा क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया। संबंधित लोगों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, सुपरवाइजर मनोज कुमार, संदीप यादव, आबिद अहमद, प्रमोद कुमार, अजय चौरसिया, शिवकुमार समेत संबंधित थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्लाट या भूमि को खरीदने से पहले केडीए से ले-आउट एवं मानचित्र स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही भवन निर्माण केवल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक एवं मानसिक क्षति से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
10.5 बीघा अवैध प्लाटिंग पर kda का चला बुलडोजर,


Share this story