कानपुर में KDA की बड़ी कार्रवाई: 15 एकड़ अवैध कॉलोनी ध्वस्त, 10 हजार वर्ग मीटर पर नोटिस

Surya pandey
कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने अवैध/अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन (जोन-1बी) की टीम ने विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान बिठूर क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर स्थित गिन्नी विहार में लगभग 15 एकड़ भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। यह प्लाटिंग प्रपुंज अग्रवाल व अन्य द्वारा की जा रही थी, जिस पर प्राधिकरण ने कड़ा कदम उठाया।
इसके अलावा बगदौंधी बांगर क्षेत्र में करीब 10 हजार वर्ग मीटर में की जा रही एक अन्य अवैध प्लाटिंग को चिन्हित करते हुए संबंधित पक्ष (नीलम अग्रवाल व अन्य) को नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर इस पर भी सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान KDA के अभियंताओं व कर्मचारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले ले-आउट की स्वीकृति अवश्य जांच लें और निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक या कानूनी परेशानी से बचा जा सके।
KDA ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Share this story