*कानपुर नगर, दिनांक 02 मई 2026*
शासन के निर्देशानुसार उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा तहसील घाटमपुर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार योजना तथा माटी कला रोजगार योजना के अंतर्गत आमजनमानस को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्र मौके पर ही भरवाकर प्राप्त किए गए। साथ ही बताया गया कि योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को 15 से 35 प्रतिशत तक अनुदान (छूट) तथा ब्याज में रियायत प्रदान की जाती है। माटी कला से जुड़े कारीगरों के लिए निःशुल्क विद्युत चालित चाक उपलब्ध कराने हेतु भी आवेदन पत्र भरवाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के निवासियों को उनके स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी कानपुर नगर अशोक कुमार शर्मा, प्रभारी तहसीलदार अंकिता पाठक, नायब तहसीलदार शिवम मिश्र, भदरस ग्राम पंचायत प्रधान जय नारायण सिंह सहित धर्मेन्द्र चौधरी, हरेन्द्र कुमार, राजीव द्विवेदी (खादी तथा ग्रामोद्योग, कानपुर नगर) एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
--------

