कानपुर नगर।
आज आयोजित जनकल्याणकारी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आईसीडीएस विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया और विभिन्न संस्कार एवं पोषण संबंधी कार्यक्रमों में सहभागिता कर लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, भाजपा नेता शिवराम सिंह तथा अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराए गए। साथ ही नन्हे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विद्यारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को पोषाहार वितरित कर संतुलित पोषण एवं स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण तथा बच्चों के समग्र विकास के लिए संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और मातृ-शिशु कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। विधायक नीलिमा कटियार ने महिलाओं और बच्चों के पोषण एवं शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताते हुए आईसीडीएस विभाग के प्रयासों की सराहना की।
उपमुख्यमंत्री के कर-कमलों से सजीं खुशियों की सौगात, गोदभराई से विद्यारंभ तक बच्चों और माताओं को मिला आशीर्वाद

Share this story
