लखनऊ।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने प्रदेश में अपनी चुनावी और सांगठनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की 125 महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति तैयार करते हुए सामाजिक समीकरणों के आधार पर चुनावी अभियान को गति दे दी है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा के नेतृत्व में कराए गए सांगठनिक सर्वे के अनुसार प्रदेश की 125 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां ब्राह्मण, माझी, बिंद और निषाद समाज के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। पार्टी का दावा है कि इन सीटों पर इन समुदायों का संयुक्त समर्थन किसी भी दल की जीत-हार तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस सर्वे रिपोर्ट, सामाजिक समीकरण और मत प्रतिशत से जुड़ी विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री तक भी पहुंचाई गई है, ताकि एनडीए की चुनावी रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि माझी-बिंद-निषाद समाज के पारंपरिक जनाधार और ब्राह्मण नेतृत्व के समन्वय से प्रदेश की राजनीति में नया समीकरण उभर सकता है। पार्टी इस गठजोड़ को "ज्ञान और पतवार का संगम" बताते हुए गांव-गांव और बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि सभी लक्षित विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति, बूथ समितियों का गठन और व्यापक जनसंपर्क अभियान तेजी से चलाया जा रहा है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिले।
प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने कहा,
"हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) पूरी निष्ठा के साथ एनडीए का हिस्सा है। हमारा लक्ष्य वर्ष 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए सरकार बनाना है। ब्राह्मण, माझी, बिंद और निषाद समाज का यह सामाजिक गठजोड़ इस बार सत्ता की चाबी साबित होगा। हमारे कार्यकर्ता पूरी ताकत और समर्पण के साथ मैदान में जुटे हैं और 'हम' पार्टी के सहयोग से उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।"
पार्टी के इस व्यापक सांगठनिक अभियान से संकेत मिल रहे हैं कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है।
यूपी 2027 का सियासी समीकरण: 125 सीटों पर ब्राह्मण–माझी–बिंद–निषाद गठजोड़ के दम पर 'किंगमेकर' बनने की तैयारी में 'हम'

Share this story