गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: रुपईडीहा से चंडीगढ़ जा रही थी टैक्सी, अचानक सामने आया कुत्ता बना हादसे की वजह

बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नेपाली महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक सहित सात लोग घायल हो गए। हादसा चैनल नंबर 175 के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार अर्टिगा टैक्सी के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

रुपईडीहा से चंडीगढ़ जा रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार संख्या CH 02 AA 4318 भारत-नेपाल सीमा रुपईडीहा से सवारियां लेकर चंडीगढ़ जा रही थी। कार में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे और सभी मूल रूप से नेपाल के निवासी बताए गए हैं।

बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गाड़ी गंगा एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 175 पर पहुंची। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

दो महिलाओं की मौके पर मौत

दुर्घटना में दीपना खात्री (32) पत्नी नेमबहादुर और विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों को एम्बुलेंस की सहायता से सीएचसी वजीरगंज की मोर्चरी में रखवाया गया है।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बदायूं के लिए रेफर किया गया है।

ये हुए घायल

  1. दीपक ओली (28), चालक, पुत्र नरेश, निवासी माजरा/मनीमाजरा, चंडीगढ़, मूल निवासी तुलसीपुर, दांग, नेपाल।
  2. पुष्पा (40) पत्नी सुनील, निवासी जूगर, रोल्पा, नेपाल।
  3. ज्ञान बहादुर मल्ल (22) पुत्र पोखर बहादुर मल्ल, निवासी बेलवा, तुलसीपुर, नेपाल।
  4. यादव पोडेल (22) पुत्र नोवराज, निवासी बेलवा, तुलसीपुर, नेपाल।
  5. विनोद (2) पुत्र नेमबहादुर।
  6. सिमोन (10) पुत्र विशाल।
  7. अज्ञात युवक (करीब 22 वर्ष)।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

थाना पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका विपना के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाकर रेस्ट एरिया में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है, ताकि एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित न हो। मौके पर स्थिति सामान्य और शांति व्यवस्था कायम है।