कानपुर/औरैया। जिले में यमुना नदी के जलस्तर में शुक्रवार सुबह राहत देखने को मिली। औरैया में सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर 104.630 मीटर दर्ज किया गया, जबकि नदी का रुझान लगातार घटाव की ओर है। यहां चेतावनी स्तर 112 मीटर और खतरे का स्तर 113 मीटर निर्धारित है। शुक्रवार को बारिश भी नहीं हुई।
वहीं कानपुर बैराज पर सुबह 8 बजे अपस्ट्रीम जलस्तर 113.690 मीटर और डाउनस्ट्रीम 113.540 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 3,04,085 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यहां चेतावनी स्तर 114 मीटर तथा खतरे का स्तर 115 मीटर है। खतरे के स्तर पर डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक निर्धारित है।
शुक्लागंज में जलस्तर 112.290 मीटर दर्ज हुआ। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। हरिद्वार बैराज से 96,731 क्यूसेक तथा नरौरा बैराज से 1,34,584 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।
औरैया में यमुना का अब तक का उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 118.51 मीटर, 6 अगस्त 2021 को दर्ज किया गया था। मौजूदा जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, जिससे फिलहाल बाढ़ की स्थिति में राहत बनी हुई है।