फतेहपुर पुलिस को बहुचर्चित ट्रिपल सुसाइड प्रकरण में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली में पंजीकृत मु0अ0सं0 77/26 से जुड़े इस संवेदनशील मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राहुल श्रीवास्तव को पुलिस ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर अभियोग दर्ज किया गया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि राहुल श्रीवास्तव लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले पुलिस अधीक्षक फतेहपुर द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र द्वारा बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया।
फरार अभियुक्त की तलाश में जनपद पुलिस लगातार सक्रिय थी। सर्विलांस टीम समेत विभिन्न माध्यमों से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान अभियुक्त ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत और जमानत याचिकाएं भी दाखिल कीं, लेकिन पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते उन्हें निरस्त करा दिया गया।
इसी क्रम में पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि राहुल श्रीवास्तव मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई को फतेहपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान की जनपद में सराहना हो रही है।
