राजेपुर (फर्रुखाबाद)। थाना राजेपुर क्षेत्र के कस्बा राजेपुर राठौरी में मंगलवार सुबह एक पीआरडी जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान धीरेंद्र सिंह पुत्र जोगराज सिंह निवासी राजेपुर राठौरी के रूप में हुई है, जो प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) में जवान के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह उन्होंने घर के बाहर स्थित आम के पेड़ पर सफेद गमछे का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो वे आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और उन्हें फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले की सूचना पीआरबी 5604 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई तथा कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार परिजनों से तहरीर प्राप्त कर पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।