कानपुर में पंचायत सहायक भरती का शेड्यूल जारी, 21 ग्राम पंचायत में आवेदन 17 अप्रैल से

कानपुर नगर।
जनपद की ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह भर्ती पंचायती राज विभाग के शासनादेश और निदेशक, पंचायती राज, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत कराई जाएगी।
जिलाधिकारी के अनुसार, ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया रिक्ति की तिथि से दो माह के भीतर पूरी करना अनिवार्य है। यह चयन प्रक्रिया पूर्व में जारी शासनादेश दिनांक 25 जुलाई 2021 के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
जनपद की 21 ग्राम पंचायतों में होने वाली इस भर्ती के लिए 15 से 16 अप्रैल 2026 तक ग्राम पंचायतों द्वारा सूचना पट्ट और मुनादी के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। अभ्यर्थी 17 अप्रैल से 02 मई 2026 तक अपने आवेदन जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, संबंधित विकास खंड कार्यालय एवं ग्राम पंचायत कार्यालय में जमा कर सकेंगे।
इसके बाद 03 से 04 मई तक आवेदन पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे। 05 से 12 मई के बीच ग्राम पंचायत स्तर पर मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। समिति की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव जिला स्तरीय समिति को भेजा जाएगा।
13 से 14 मई 2026 के बीच जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा अभ्यर्थियों का परीक्षण एवं संस्तुति की जाएगी। अंततः 15 से 16 मई 2026 तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करते हुए सभी कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें। साथ ही, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय द्वारा मांगी जाने वाली सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
Share this story