अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा: साढ़े सात लाख की शास्ति आरोपित
कानपुर नगर। अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह एवं शासन के निर्देशों के क्रम में 20 जून 2026 को खनिज विभाग की टीम ने संबंधित थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए उपखनिज बालू, मोरंग और गिट्टी से लदे वाहनों की औचक जांच की।
अभियान के दौरान निदेशालय की टीम, खनन अधिकारी पारसनाथ यादव तथा पुलिस बल द्वारा करीब 290 वाहनों की सघन चेकिंग की गई। जांच में 15 वाहन ओवरलोड अथवा बिना वैध परिवहन प्रपत्र के संचालित पाए गए। अनियमितता मिलने पर सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग, कानपुर नगर द्वारा की गई इस कार्रवाई के फलस्वरूप संबंधित वाहन स्वामियों पर लगभग साढ़े सात लाख रुपये की शास्ति, रॉयल्टी एवं अन्य मदों में धनराशि आरोपित की गई है।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध लगातार जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी प्रभावी और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।