कानपुर। पी रोड स्थित करीब 107 वर्ष पुराने राधा-कृष्ण मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब दर्शन और भी अधिक सुगम व सुविधाजनक होने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की 52 लाख रुपये की विकास परियोजना के तहत मंदिर परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे मंदिर की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंदिर परिसर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 26 अगस्त तक हर हाल में सभी निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएं, ताकि जन्माष्टमी सहित आगामी धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को नई सुविधाओं का लाभ मिल सके।
पर्यटन विभाग की इस परियोजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा यात्री शेड, आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक, विद्युत व्यवस्था, सेप्टिक टैंक, रेलिंग, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सबमर्सिबल पंप, सोलर लाइट और स्टोन बेंच जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद मंदिर परिसर पहले से अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर को फटकार लगाई और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम सहित उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।