10वीं से स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन, कानपुर के आईटीआई संस्थानों में बने हेल्प डेस्क
कानपुर। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए देश की शीर्ष 2000 कंपनियों में इंटर्नशिप का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक उत्तीर्ण युवा अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पांडु नगर के प्रधानाचार्य ने बताया कि कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों की रिक्तियां उपलब्ध हैं। इनमें भारतीय टेलीकॉम में 101 पद तथा पेटीएम पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड में 20 पद सहित अन्य प्रमुख कंपनियों में भी इंटर्नशिप के अवसर मौजूद हैं।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पांडु नगर, घाटमपुर, कल्याणपुर, बिल्हौर तथा राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विश्व बैंक और लाल बंगला में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया और योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने जनपद के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय से ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप प्राप्त कर अपने कौशल का विकास करने के साथ-साथ रोजगार की बेहतर संभावनाएं भी सुनिश्चित कर सकें।